भाजपा को मिलेगा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष
रक्षा मंत्री राजनाथ ने कहा, बिहार चुनाव के बाद
आयोग को लिखित क्यों नहीं देते, आंखें क्यों चुराते हैं राहुल?
नई दिल्ली, 08 नवंबर (एजेंसियां)। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा। उन्होंने यह भी सफाई दी कि पार्टी में किसी तरह की कोई कलह नहीं है। उन्होंने कहा कि यह भी पूरी तरह से स्पष्ट है कि बिहार में चुनाव होने के बाद नीतीश कुमार ही एनडीए विधायक दल के नेता चुने जाएंगे और मुख्यमंत्री बनेंगे। इसमें कहीं कोई दुविधा नहीं है।
राजनाथ सिंह ने कहा, बिहार विधानसभा चुनाव के बाद आप भारतीय जनता पार्टी के अगले नए अध्यक्ष के बारे में सुनेंगे। हमारी पार्टी में कोई विवाद नहीं है। राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका पर भी स्पष्टीकरण दिया और पार्टी के राजनीतिक निर्णयों पर संघ के प्रभाव की बातों को खारिज किया। उन्होंने कहा, आरएसएस कभी भी भाजपा के राजनीतिक कार्यों में हस्तक्षेप नहीं करता। मैं बचपन से ही आरएसएस से जुड़ा रहा हूं। संघ ही देशभक्ति का संस्कार देता है। उल्लेखनीय है कि अगला अध्यक्ष पार्टी का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष होगा। जेपी नड्डा पहली बार 2019 में कार्यवाहक अध्यक्ष बने और 2020 में आधिकारिक रूप से चुने गए। हाल ही में नड्डा को केंद्रीय मंत्रिमंडल में स्वास्थ्य और रसायन एवं उर्वरक मंत्री के रूप में शामिल किया गया। इसके बाद से लगातार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की तलाश शुरू हो गई है।
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने चल रहे बिहार चुनावों के बारे में भी बात की और सत्तारूढ़ एनडीए के एक और कार्यकाल जीतने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा, जनता की प्रतिक्रिया से हमें विश्वास है कि हम सरकार बनाएंगे और हमें दो-तिहाई बहुमत मिल सकता है। नीतीश कुमार मुख्यमंत्री होंगे और चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ा जा रहा है। प्रशांत किशोर के बिहार की राजनीति में एंट्री करने पर राजनाथ सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी जन सुराज को एक भी सीट नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा, प्रशांत किशोर एक महत्वहीन फैक्टर हैं और इस पर ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है। लोग जानते हैं कि कौन वोट काटने के लिए लड़ रहा है और कौन सरकार बनाने के लिए। किशोर की पार्टी शायद एक भी सीट न जीत पाए।
राजनाथ सिंह ने बिहार में एनडीए के चुनाव जीतने पर नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही सरकार बनने की बात दोहराई। साथ ही, उन्होंने वोट चोरी के राहुल गांधी के अनर्गल आरोपों पर भी कटाक्ष किया। राजनाथ सिंह ने कहा, नीतीश कुमार और उनकी सरकार के बारे में जनसामान्य में सकारात्मक माहौल है। लोग जब 2005 के पहले की राजद-कांग्रेस की सरकारों के कामकाज की तुलना करते हैं और इस सरकार के कामकाज को देखते हैं, तो सहज रूप से इस नतीजे पर पहुंचते हैं कि यदि सुशासन कोई दे सकता है, तो वह नीतीश कुमार के नेतृत्व की एनडीए सरकार ही दे सकती है, कोई दूसरा नहीं दे सकता। इसलिए आम जनता का समर्थन एनडीए को प्राप्त होगा। ऐसा मेरा पक्का विश्वास है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा सेना में आरक्षण की बात कहे जाने पर राजनाथ सिंह ने कहा, सेना में सभी वर्गों के लोग हैं। सेना की न कोई जाति होती है, न कोई पंथ है, न कोई धर्म है। उसका एक ही धर्म है। वह है सैन्य धर्म। मैं समझता हूं कि इस प्रकार की बेतुकी बातें कोई देशहित सोचने वाला व्यक्ति नहीं कर सकता। राहुल गांधी के वोट-चोरी के घिसे-पिटे डायलॉग के बारे में राजनाथ सिंह ने कहा, यदि वोट चोरी हो रही है तो कहां-कहां चोरी हुई? किस-किस वोट की चोरी हुई? इसकी शिकायत लिखित रूप से चुनाव आयोग को क्यों नहीं करते राहुल गांधी? यह केवल देश की जनता को बोल-बोलकर गुमराह करने की कोशिश है। राजनीति ऐसे नहीं होती है। आंखें चुराकर राजनीति नहीं होती। आंखों में आंखें डालकर राजनीति होती है। वशर्ते आरोप लगाने वाले में नैतिक दम हो।
#RajnathSingh, #BiharElections2025, #BJPPresident, #NDA, #NitishKumar, #RahulGandhi, #RSS, #IndianPolitics, #LokSabha, #JPNadda, #PrashantKishor, #ElectionCommission, #BiharNews, #DelhiNews, #PoliticalNews

