चिन्नास्वामी स्टेडियम में मची भगदड़, 11 मरे
आईपीएल में आरसीबी की जीत के जश्न में हादसा
बेंगलुरु, 04 जून (एजेंसियां)। आईपीएल चैंपियन आरसीबी की जीत के बाद एक बुरी खबर सामने आई है। बेंगलुरु में अपनी चैंपियन टीम को देखने के लिए भारी भीड़ जमा हुई। इस दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में 11 लोगों के मरने की आशंका है। जबकि 7 लोगों के मरने की आधिकारिक पुष्टि हुई है। कई लोग घायल हुए हैं। भाजपा नेता अमित मालवीय ने भगदड़ में सात लोगों के मरने का दावा किया है। उन्होंने 16 लोगों के घायल होने का भी दावा किया है।
कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र भगदड़ में घायल हुए लोगों से मिलने के लिए बॉरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा, 11 से अधिक लोगों की जान चली गई है। मुख्यमंत्री को मामले को न्यायिक जांच का आदेश देना चाहिए। राज्य सरकार को इस त्रासदी की पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। जब पूरा देश और कर्नाटक आरसीबी की जीत का जश्न मना रहा था, तब राज्य सरकार ने बिना किसी पूर्व तैयारी के विजय रैली आयोजित करने की जल्दबाजी की, जिससे यह घटना हुई। विजयेंद्र ने कहा, राज्य सरकार ने कभी पूर्व तैयारियों की परवाह नहीं की। उन्हें प्रचार में अधिक रुचि थी। इसका परिणाम 11 से अधिक लोगों की मौत के रूप में सामने आया। कुछ लोग आईसीयू में हैं। मैंने कुछ पीड़ितों से बात की, अंदर कोई पुलिस नहीं थी, कोई एम्बुलेंस सुविधा नहीं थी।
वहीं, कर्नाटक विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा एमएलसी चिलवडी नारायण स्वामी ने कहा, यह घटना सरकार की चूक की वजह से हुई। उन्हें इस बात का कोई अंदाजा नहीं था कि कितने लोग आएंगे, क्या सावधानियां बरतनी होंगी। यह सुरक्षा में चूक है। जबकि कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा, यह नियंत्रण में आने वाली भीड़ नहीं थी। मैं बेंगलुरु और कर्नाटक के सभी लोगों से माफी मांगता हूं। हम विक्ट्री परेड निकालना चाहते थे, लेकिन भीड़ बेकाबू है। शिवकुमार ने आरसीबी के जश्न के दौरान हुई अफरातफरी पर कहा कि यह युवा जोश से भरी भीड़ थी, हम लाठी का इस्तेमाल नहीं कर सकते। आरसीबी के जश्न के दौरान कितने लोगों की मौत हुई इसकी अभी कोई जानकारी नहीं है। विस्तृत जानकारी मिलने पर सूचित करेंगे। भीड़ बेकाबू थी, पुलिस को परेशानी हो रही थी, इसलिए हमें परेड को रोकने का फैसला लेना पड़ा।
शिवकुमार ने कहा, मैंने पुलिस कमिश्नर और सभी से बात की है। मैं बाद में अस्पताल भी जाऊंगा। मैं उन डॉक्टरों को परेशान नहीं करना चाहता जो मरीजों की देखभाल कर रहे हैं। अभी सटीक संख्या नहीं बताई जा सकती। हम लोगों से शांत रहने की अपील करते हैं। हमने कार्यक्रम को छोटा कर दिया। कार्यक्रम 10 मिनट में ही खत्म हो गया। हम सब कुछ सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं। लाखों लोग आए जमा हुए थे।
दरअसल, विधान सौध में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और राज्यपाल की मौजूदगी में खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ही बीच में बारिश हुई। इसके बाद खिलाड़ी और वहां मौजूद लोग भागते नजर आए। खिलाड़ी तुरंत जाकर बस में चढ़ गए। चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ जमा हुई थी। वहां एक बच्चा बेहोश हुआ, जिसे लेकर पुलिस दौड़ती नजर आई। प्रशंसक पेड़ और बस पर चढ़कर अपनी टीम की झलक पाने के लिए बेताब दिखे। कुछ प्रशंसक चिन्नास्वामी स्टेडियम की दीवार और फेंस पर चढ़ते नजर आए। अपनी चैंपियन टीम की झलक पाने के लिए चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर और विधान सौधा के बाहर भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर फैंस को कोई भी ऊंची चीज दिखी, उस पर चढ़ गए। एक समाचार एजेंसी ने वीडियो जारी किया जिसमें फैंस के एक कार को क्षति पहुंचाने की तस्वीर दिखाई गई है। भीड़ को काबू में करने के लिए बेंगलुरु पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया।